जहानाबाद। जिले में संभावित बंदी के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को जिलाधिकारी छिरिड वाई भुटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। जिलाधिकारी छिरिड वाई भुटिया ने बताया कि गुरुवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
डीएम ने शहरवासियों से अपील की कि वे बंदी के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समूह कानून-व्यवस्था भंग करने या उपद्रव फैलाने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने या सार्वजनिक एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने जानकारी दी कि पूरे जहानाबाद शहर में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बंदी के दौरान यदि किसी ने उपद्रव, तोड़फोड़ या शांति भंग करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि जिला प्रशासन ने इसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है और बाहर से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पुलिस की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

