

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा/हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कपसा रोड स्थित सिजनौडा गांव के पास सुबह मंगलवार को तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऑटो रिक्शा और स्कॉर्पियो कार की जोरदार टक्कर में दो शिक्षिकाओं समेत कुल 8 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कपसा रोड पर सीजनौड़ा गांव के पास हादसा, मची चीख-पुकार; पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के अनुसार, एक थ्री-सीटर ऑटो रिक्शा में चालक समेत आठ लोग सवार थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस व पीआरवी को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पीआरवी टीम और मौदहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ घायलों को पीआरवी वाहन से तो कुछ को स्कूल वैन से अस्पताल ले जाया गया।
घायलों में उर्दना जा रहीं शिक्षिकाएं कंचन देवी और पूजा यादव भी शामिल हैं। इनके अलावा रोहित (28), महेश्वर (50), नवल (16), बदनी (16), राजीव (50) और बाबादीन घायल बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
