


हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। सोमवार सुबह जैसे जैसे धूप की तेजी बढी वैसे ही तीन मासूमों की तालाब में डूबने से हुई मौत की खबर ने सभी को ठण्डा कर दिया।फिलहाल पुलिस ने सभी शवों का पंचायत नामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार सुबह करीब दस बजे कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खण्डेह स्थित कलारन तालाब में गांव के प्रबल पुत्र घनश्याम यादव,आदित्य पुत्र राजू कुशवाहा,भोला पुत्र सीताराम कुशवाहा सहित अन्य बच्चे नहाने गए थे लेकिन नहाते समय तीनों बच्चे पिछले साल अवैध मिट्टी खुदाई के चलते जगह जगह हुए गहरे गड्ढे में चले गए।

हालांकि साथी बच्चों और आसपास के लोगों ने बच्चों को निकाल कर मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने भी अस्पताल पहुंच सभी शवों का पंचायत नामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र में हुई तीन बच्चों की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई तथा लोगों ने अस्पताल पहुंच मृतक परिवार को सांत्वना देना भी शुरू कर दिया। बताते चलें कि पिछले साल भी कुनेहटा के तालाब में डूबने से एक साथ तीन बच्चों की मौत हुई थी। फिलहाल पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार वर्मा ने बताया कि, मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खण्डेह स्थित रामजानकी मन्दिर के पास तालाब में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से तीन बालकों की डूबने से मृत्यु हो गई। मृतकों में प्रबल पुत्र घनश्याम यादव उम्र करीब 10 वर्ष, आदित्य पुत्र राजू कुशवाहा उम्र करीब 09 वर्ष,भोला पुत्र सीताराम कुशवाहा उम्र करीब 10 वर्ष निवासीगण ग्राम खण्डेह थाना मौदहा जनपद हमीरपुर शामिल हैं।घटना की जानकारी होने पर थाना मौदहा पुलिस ,परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा तीनों बच्चों को तत्काल पानी से बाहर निकालकर उपचार हेतु सीएचसी मौदहा भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थाना मौदहा पुलिस मृतकों के शवों को कब्जे में पंचायतनामा/पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।

