A2Z सभी खबर सभी जिले की

मंदिर में लगा पीतल का बड़ा घंटा खोलकर फरार

चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद

जहानाबाद। मधुश्रवां धाम मंदिर से अज्ञात चोर द्वारा पीतल का घंटा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 12 बजे के बाद एक अज्ञात व्यक्ति मुंह पर गमछा बांधकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने पहले आसपास का जायजा लिया और फिर मंदिर में लगा पीतल का बड़ा घंटा खोलकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में उसकी पूरी गतिविधि स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। शुक्रवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर से घंटा गायब देखा। इसके बाद मंदिर के पुजारी अखिलेश्वर भारती ने स्थानीय थाना को सूचना दी और अज्ञात चोर के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। 

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है और दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles
Show More
Back to top button