

पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश
जहानाबाद। जिले के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने मध्य रात्रि में मखदुमपुर थाना सहित विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, हाजत, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने महत्वपूर्ण अभिलेखों और लंबित मामलों की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही, जन शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निवारण करने के लिए भी कहा।
एसपी कोटा किरण कुमार ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई प्रभावी ढंग से निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और कानून का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा पुलिसकर्मियों के जनता के साथ बेहतर व्यवहार पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।


