A2Z सभी खबर सभी जिले की

जिले में नशा नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर रोक को लेकर कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की समीक्षा बैठक, सख्त कार्रवाई के निर्देश

जिले में नशा नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर रोक को लेकर कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की समीक्षा बैठक, सख्त कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं नशे के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता बैठक संपन्न हुयी। बैठक में जिले में मादक एवं नशीले पदार्थों के सेवन पर प्रभावी रोक लगाने तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

Related Articles

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर समस्या है, जिसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 1 अप्रैल से स्कूल परिसरों के आसपास संचालित गुटखा, पान एवं अन्य नशीले पदार्थों की दुकानों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल परिसरों के आसपास आवागमन को पुलिस निगरानी में रखा जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आय से अधिक संपत्ति के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रकरणों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिले में व्यापक स्तर पर नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने पर जोर देते हुए आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की बात कही।
अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने होटल, लॉज एवं मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक माह कम से कम चार दिवस इन प्रतिष्ठानों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बैठक में नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एमएलसी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट को ऑनलाइन दर्ज करने की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने पर भी बल दिया गया, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम सौसर श्री सिद्धार्थ पटेल, एसडीएम पांढुर्णा सुश्री अलका एक्का, एसडीओपी पांढुर्णा श्री बृजेश भार्गव, सीएमएचओ श्री नरेश गोन्नाडे, सीएमओ पांढुर्णा श्री दीपेंद्र, टीआई मोहगांव श्री अजय मरकाम, टीआई पांढुर्णा श्री अमित दानी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एच.बी. हांडे, सीईओ जनपद पंचायत पांढुर्णा श्री बंदु सूर्यवंशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

यह बैठक जिले में नशा उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है, जिसमें प्रशासन ने सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!