A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :राठ-बिखराया मार्ग पर मौत को दावत देता गड्ढा, PWD की लापरवाही से हर पल हादसे का खतरा

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। राठ-बिखराया मार्ग पर काजीपुरा पुलिया के पास सड़क के बीच बना विशाल गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) खंड संख्या-2 की उदासीनता के चलते यह गड्ढा पिछले करीब एक वर्ष से जस का तस पड़ा है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।बरसात के मौसम में गड्ढे में पानी भर जाने से इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों के लिए भी हर पल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद न तो लोक निर्माण विभाग ने कोई ठोस कदम उठाया और न ही जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दिया। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग केवल आश्वासन देता रहा, जबकि सड़क की स्थिति लगातार बदतर होती गई।क्षेत्रवासियों ने तत्काल गड्ढे की मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या लोक निर्माण विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, या फिर लोगों की जान बचाने के लिए समय रहते इस जानलेवा गड्ढे की मरम्मत कराई जाएगी?

Show More
Back to top button