*शनिवार को पट्टी पहुंचेगे पिंटू तिवारी, अर्जुन गौतम के परिजनों व ब्राह्मण परिवार से करेंगे मुलाकात*
प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली परिसर में हुई अर्जुन गौतम की मौत के बाद मामले ने पूरे जनपद में गंभीर चर्चा का रूप ले लिया है। इसी बीच बॉयज एंड गर्ल्स स्कूल एंड कॉलेज के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता बिंदेश्वरी प्रसाद तिवारी उर्फ पिंटू तिवारी ने पीड़ित परिवार से मिलने तथा मामले में नामजद ब्राह्मण परिवार से भी मुलाकात करने की घोषणा की है।
पिंटू तिवारी ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में जिला प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि न्याय किसी जाति या समुदाय के आधार पर नहीं, बल्कि साक्ष्यों और सत्य के आधार पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “चाहे पीड़ित दलित समाज का हो या आरोपित ब्राह्मण परिवार का, किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता। दोषी को कानून के अनुसार सजा मिले और निर्दोष को न्याय।”
उन्होंने बताया कि वह पट्टी पहुंचकर पहले अर्जुन गौतम के शोकाकुल परिजनों से संवेदना व्यक्त करेंगे, इसके बाद नामजद ब्राह्मण परिवार से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों को जाने किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है और निष्पक्ष जांच ही इस संवेदनशील मामले में न्याय सुनिश्चित कर सकती है।
