
विश्व जल दिवस पर ग्राम जाम में “जल महोत्सव” का उत्साहपूर्ण आयोजन
जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल और जनजागरूकता का दिया गया सशक्त संदेश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार विश्व जल दिवस के अवसर पर विकासखंड सौसर के ग्राम जाम में “जल महोत्सव – गर्व का पर्व, हर घर नल से जल उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम की महिलाओं एवं सरपंच द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। जल महोत्सव के अंतर्गत नल-जल की पूजा की गई तथा उपस्थित जनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में “जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही नल-जल योजना के प्रभावी उपयोग, जल स्रोतों की शुद्धता एवं स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों को जल के समुचित उपयोग एवं संरक्षण के विभिन्न उपाय अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम सहायक यंत्री श्री सुभाष गाडगे के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभागीय उपयंत्री श्री अभय चौरसिया, विकासखंड समन्वयक श्रीमती मीनाक्षी सोमकुवर, श्री मिलिंद ठाकरे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त सरपंच श्री मनोज ठाकरे, ग्राम पंचायत सचिव श्रीमती मैनावती जूनघरे, रोजगार सहायक श्री देवानंद नारनवरे, पंप चालक, ग्रामीण महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
