

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण परियोजनाओं में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर व्यापक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान निर्माण स्थलों पर श्रम कानूनों के अनुपालन, सुरक्षा मानकों तथा श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। जहां कमियां मिलीं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों के साथ श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय रीवन, यमुना एवं बेतवा सेतु परियोजनाएं, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर-द्वितीय, राठ बस स्टेशन पुनरुद्धार कार्य, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सुमेरपुर छात्रावास निर्माण सहित कई परियोजनाओं का सत्यापन किया गया। श्रमिकों के लिए आवास, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा उपकरण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई।यमुना एवं बेतवा सेतु परियोजना में ऊंचाई पर कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए सुरक्षा जाल और सेफ्टी हार्नेस के उपयोग को अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए, जबकि ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर परियोजना में हाई वोल्टेज कार्यों को देखते हुए शॉक-प्रूफ मैट और इंसुलेटेड उपकरणों की संख्या बढ़ाने को कहा गया। वहीं राठ बस स्टेशन परियोजना में वेल्डिंग कार्यों के दौरान फेस शील्ड और वेल्डिंग गॉगल्स की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अपंजीकृत श्रमिकों का बीओसीडब्ल्यू बोर्ड के पोर्टल पर शीघ्र पंजीकरण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि उन्हें दुर्घटना बीमा, चिकित्सा सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।