
सांदीपनि विद्यालय में व्यवस्थाओं व अवसंरचना की तैयारियों पर कलेक्टर की समीक्षा बैठक
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में सांदीपनि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की व्यवस्थाओं, कक्षाओं की उपलब्धता, फर्नीचर की स्थिति तथा आगामी प्रवेश प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप कक्षाओं, शिक्षकों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना था, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय की वर्तमान स्थिति, विद्यार्थियों की संख्या, उपलब्ध कक्षाओं, फर्नीचर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए तथा विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए विद्यालय में पर्याप्त कक्षाएं, उपयुक्त फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी प्रवेश सत्र को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि नए विद्यार्थियों के प्रवेश के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और यदि कहीं कमी हो तो उसे शीघ्र दूर किया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा और अध्ययन के अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
