
राष्ट्रीय मींस-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा में पांढुर्णा के 30 विद्यार्थियों का चयन, जिले का बढ़ाया मान
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। मध्यप्रदेश शासन के शालेय शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मींस-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2026 में पांढुर्णा जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इस परीक्षा में जिले के कुल 30 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिचय देते हुए पांढुर्णा जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
विद्यार्थियों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में भी पांढुर्णा जिले के विद्यार्थी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
