
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: पांढुर्णा में जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार रथ को कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने बाल विवाह के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार रथ जिले के विभिन्न गांवों और नगरीय क्षेत्रों में जाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देगा। रथ के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेश, पोस्टर और जनसंदेशों के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा तथा भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने इस अवसर पर कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उसे रोका जा सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से गांव-गांव में जनजागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, गोष्ठियां तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाकर बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करना और बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य प्रदान करना है।