

बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर अपडेट किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यालय की स्वच्छता और सुव्यवस्था से न केवल कार्यकुशलता बढ़ती है, बल्कि आमजन में भी सकारात्मक संदेश जाता है।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण किए जाते रहेंगे, ताकि कार्यालय व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और जनसेवा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।