
अवैध खनिज परिवहन पर कड़ी कार्रवाई, गिट्टी से भरा डंपर जप्त
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
प्रशासन की बड़ी सफलता, खनिज माफियाओं पर सख्ती जारी
पांढुर्णा। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार खनिज विभाग पांढुर्णा द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी से भरा एक डंपर जब्त किया गया है।
खनिज विभाग की टीम ने आज पांढुर्णा तहसील अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पांढुर्णा–लव्हाना मार्ग पर अवैध रूप से खनिज गिट्टी का परिवहन करते हुए डंपर क्रमांक MH27BX3826 को पकड़ा गया।

टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डंपर को खनिज नियमों के उल्लंघन के तहत गिट्टी सहित शासकीय रूप से जब्त कर लिया। जब्त वाहन को पुलिस थाना कोतवाली पांढुर्णा परिसर में शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
प्रकरण दर्ज, जुर्माना भी लगेगा
अवैध परिवहन से संबंधित प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा नियमानुसार जुर्माना राशि अधिरोपित करने के लिए प्रकरण को कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जा रही है।
कार्रवाई में अधिकारी मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान सहायक खनिज अधिकारी श्री महेश नगपुरे सहित खनिज विभागीय अमला उपस्थित रहा।
प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध खनिज कारोबार पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।
जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।