कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास की संयुक्त बैठक सम्पन्न ,कुपोषण मुक्ति, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं योजनाओं की गहन समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त एवं समयबद्ध निर्देश
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास की संयुक्त बैठक सम्पन्न, कुपोषण मुक्ति, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं योजनाओं की गहन समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त एवं समयबद्ध निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पोषण योजनाओं, कुपोषण मुक्ति अभियान, आंगनवाड़ी सेवाओं तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों की विस्तृत एवं क्रमबद्ध समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विभागवार प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने पोषण ट्रैकर, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल एवं जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए इन्हें और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कुपोषण दूर करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा तथा जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना आवश्यक है।
बैठक के दौरान बिंदुवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। एएनसी पंजीकरण एवं पोषण ट्रैकर की कमजोर स्थिति पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री गोन्नाडे एवं बीएमओ श्री सलामे को सुधार के लिए कठोर निर्देश दिए गए। महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि गर्भवती महिलाओं की अद्यतन जानकारी 30 अप्रैल तक एकत्र कर तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत की जाए।
मॉडरेट एनीमिया के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी सीएचओ को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित करने एवं पांढुर्णा में रक्त बैंक स्थापित करने के निर्देश दिए गए। किडनी डायलिसिस मशीन के तीन माह से उपयोग में न होने पर बीएमओ पांढुर्णा को आवश्यक निर्देश देते हुए कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सौसर विकासखंड के अस्पताल भवन में जलभराव की समस्या की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वर्षा ऋतु से पूर्व आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त अस्पतालों में प्रसूता कक्ष एवं चेंजिंग रूम की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, डिप्टी कलेक्टर एवं जनपद पंचायत सीईओ सौंसर श्री प्रियंक मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री नरेश गोन्नाडे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती अर्चना कैथवास, सीबीएमओ श्री दीपेंद्र सलामे सहित महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।