

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। नगर के वार्ड नंबर एक तकिया में नगर पालिका परिषद के ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर मोहल्ले के लोग भड़क उठे। आक्रोशित लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए मौके पर काम कर रहे मजदूरों को भगा दिया। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता ने ठेकेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए नियमानुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार कार्यदायी संस्था नगर पालिका परिषद मौदहा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत तकिया मोहल्ले में लाला जी यादव के घर के सामने से मस्जिद तक करीब एक सौ पचास मीटर लंबी व तीन मीटर चौड़ी सी सी सड़क नाली निर्माण का टेंडर स्वीकृत किया गया है। इस कार्य की अनुमानित लागत करीब 14 लाख 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि ठेकेदार निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग कर रहा था। इसकी शिकायत मोहल्लेवासियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई थी, जिसका समाचार प्रमुख समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुआ था। आरोप है कि अधिकारियों द्वारा समय रहते मौके का निरीक्षण नहीं किए जाने से ठेकेदार के हौसले बुलंद हो गए।
बताया जाता है कि ठेकेदार दोबारा निर्माण स्थल पर पहुंचा और बिना पीसीसी व नाली निर्माण कराए सीधे सीसी सड़क का निर्माण शुरू करा दिया। यह देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और मजदूरों व स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मौके पर एक दर्जन से अधिक लोग एकत्र हो गए और लोगों ने मजदूरों को काम बंद कराकर वहां से भगा दिया।
इस संबंध में अवर अभियंता आदित्य कुमार ने बताया कि स्थिति का जायजा लिया और ठेकेदार को गुणवत्ता में सुधार करते हुए मानक के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।