

बलराम निषाद
संवाददाता, अखंड भारत न्यूज़ बस्ती
सीएम पोर्टल समेत उच्च अधिकारियों से पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
पति, सास-ससुर व जेठ पर उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी का आरोप
कार्रवाई न होने से दर-दर भटकने को मजबूर पीड़िता
आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच व मुकदमा दर्ज करने की मांग
मुण्डेरवा, बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने पति एवं ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल सहित अन्य उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई गई है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कान्ती पत्नी दयाशंकर, मूल निवासी ग्राम थाल्हापार थाना लालगंज जनपद बस्ती तथा वर्तमान में बरहुआ थाना मुण्डेरवा की रहने वाली हैं। पीड़िता का आरोप है कि बरहुआ निवासी रामचन्दर पुत्र सीताराम ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ रखा। कुछ समय तक दोनों बाहर रहे, जिसके बाद रामचन्दर उसे अपने गांव लेकर आया।
पीड़िता के अनुसार रामचन्दर के परिवार वालों को यह रिश्ता पसंद नहीं था, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि दिनांक 1 मई 2026 की रात रामचन्दर और पीड़िता घर में सो रहे थे, तभी रामचन्दर की मां ने दोनों पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया।
पीड़िता का कहना है कि उसकी नींद खुल गई और वह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही, जबकि रामचन्दर गहरी नींद में होने के कारण गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद से पीड़िता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश की जा रही है। भय के कारण वह इधर-उधर छिपकर रहने को मजबूर है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
