A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :बिरमा नदी में नहाने गए दो मासूम डूबे, एक की मौत — ग्रामीण की बहादुरी से बची दूसरे बच्चे की जान

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। बिलगांव गांव के पास बिरमा नदी में नहाने गए दो मासूम अचानक गहरे पानी में समा गए। ग्रामीणों की सूझबूझ और बहादुरी से एक बच्चे की जान बचा ली गई, जबकि दूसरे 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार बिलगांव निवासी सुधाचंद्र का 12 वर्षीय पुत्र आशीष अपने साथियों सत्यम और शिवा के साथ रविवार दोपहर करीब दो बजे गांव के पास बह रही बिरमा नदी में नहाने गया था। नहाते समय आशीष और सत्यम अचानक संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख किनारे खड़े साथी शिवा ने शोर मचा दिया।

Related Articles

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। इसी दौरान गांव के हरगोविंद अनुरागी ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद सत्यम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि तब तक आशीष गहरे पानी में ओझल हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चे की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद शाम लगभग चार बजे आशीष का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां कौसिला और बाबा भोजा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि आशीष के पिता इन दिनों शादी-ब्याह के सीजन में बैंड बजाने के लिए गांव से बाहर गए हुए थे, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।

थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!