

रोशनी आनंद वि. सिंह पन्ना-
दक्षिण पन्ना वनमण्डल में गिद्धों की ऐतिहासिक बढ़ोतरी, संरक्षण प्रयासों को मिली बड़ी सफलता
पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमण्डल में आयोजित गिद्ध गणना-2026 के प्रथम दिवस पर 942 गिद्ध दर्ज किए गए, जो हाल के वर्षों में सर्वाधिक संख्या है। वर्ष 2025 में 762 और 2024 में 648 गिद्ध दर्ज हुए थे। इस उल्लेखनीय वृद्धि से वन विभाग के संरक्षण प्रयासों के सकारात्मक परिणाम साफ दिखाई दे रहे हैं।
गणना के दौरान कुल 7 प्रजातियों—इंडियन (लॉन्ग-बिल्ड), इजिप्शियन, व्हाइट-रम्प्ड, हिमालयन ग्रिफन, यूरेशियन ग्रिफन, सिनेरेयस (ब्लैक) और रेड-हेडेड गिद्ध दर्ज किए गए। इनमें इजिप्शियन गिद्धों की संख्या सबसे अधिक रही। सर्वाधिक गिद्ध पवई परिक्षेत्र में दर्ज किए गए, जहाँ वन विभाग की टीमों ने व्यवस्थित सर्वेक्षण किया।
वन अधिकारियों के अनुसार मौसम आंशिक रूप से बादलों से ढका होने के कारण कुछ क्षेत्रों में गतिविधि कम रही, फिर भी संख्या में बड़ी बढ़ोतरी उत्साहजनक है। आगामी दिनों में मौसम अनुकूल रहने पर आंकड़ा 1000 से अधिक पहुँचने की संभावना जताई गई है।
गिद्ध विशेषज्ञों और प्रशिक्षु अधिकारियों के सहयोग से हुई इस गणना ने पन्ना क्षेत्र में जैव-विविधता संरक्षण की दिशा में नई उम्मीद जगाई है। वन विभाग ने इसे प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की बड़ी उपलब्धि बताया है।