A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :गांव में शराब की दुकान पर बवाल, महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय पर खोला मोर्चा’ठेका हटाओ, बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

राठ (हमीरपुर)। राठ तहसील क्षेत्र के ग्राम कोठा में संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में संचालित शराब की दुकान से गांव का माहौल बिगड़ रहा है, युवा नशे की लत में पड़ रहे हैं तथा छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।ज्ञापन में समस्त महिला समूह, ग्राम कोठा की ओर से बताया गया कि शराब का ठेका गोहानी-कोठा मार्ग के नाम पर स्वीकृत है, लेकिन इसका संचालन ग्राम कोठा में किया जा रहा है। महिलाओं का आरोप है कि दुकान के आसपास दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।महिलाओं ने यह भी उल्लेख किया कि 13 जुलाई 2026 को गांव के एक युवक की अधिक शराब पीने के बाद मौत हो गई। उनका कहना है कि इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है। ज्ञापन में मांग की गई कि शराब की दुकान को तत्काल हटाया जाए, जिससे गांव की युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।ज्ञापन पर सुमन, गीता रानी, फूली, महेश्वरी, कुसमा रानी, पुनिया, अर्चना रानी, किरण, सुनीता, रेखा, समवारी, दुर्गावती, साधारानी, आशा देवी, रामप्यारी, कलावती, राजकुमारी, महरानी, रामकुमारी, सुखवंती, कमला, मंगली सहित करीब 32 महिलाओं के हस्ताक्षर हैं।वहीं आबकारी विभाग का कहना है कि संबंधित शराब की दुकान पूरी तरह वैध है और उसका संचालन शासन के नियमों के अनुरूप किया जा रहा है। विभाग का दावा है कि दुकान आबादी से निर्धारित दूरी पर स्थित है तथा लगाए गए आरोप तथ्यात्मक नहीं हैं।अब इस पूरे मामले में प्रशासन की जांच और उपजिलाधिकारी के निर्णय पर ग्रामीणों की निगाहें।

Show More
Back to top button