

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। राज्य कर विभाग द्वारा बुधवार को सुभाष बाजार स्थित हनुमान मंदिर परिसर में व्यापारी संवाद एवं पंजीयन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, जीएसटी पंजीकरण को बढ़ावा देना तथा जीएसटी 2.0 के नए प्रावधानों और कर अनुपालन संबंधी नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में व्यापारियों को समय पर जीएसटी रिटर्न दाखिल करने, स्वैच्छिक कर अनुपालन अपनाने तथा शासन की नई व्यवस्थाओं का लाभ लेने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नियमित कर अनुपालन से व्यापार सुगम होता है और राज्य की आर्थिक प्रगति को भी मजबूती मिलती है।संवाद के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने, तकनीकी समस्याओं और विभागीय प्रक्रियाओं से जुड़े प्रश्न रखे, जिनका समाधान सहायक आयुक्त राज्य कर दीपक कुमार सिंह एवं राज्य कर अधिकारी धनश्याम सिंह पटेल ने विस्तार से किया। अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि विभाग उनकी वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।कार्यक्रम में व्यापारी प्रतिनिधि धीरेन्द्र गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं प्रतिष्ठान संचालक मौजूद रहे। व्यापारियों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।