
थाना कलवारी
जनपद बस्ती
जनपद बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवाड़ाड़ गांव के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुसौरा बाजार से कलवारी की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 की रात लगभग 10:00 बजे घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कलवारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। बताया गया कि मोटरसाइकिल संख्या UP 51 BD 2078 दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे पड़ी थी। बाइक पर सवार दो युवक कुसौरा बाजार से कलवारी की ओर जा रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया।
मृतक की पहचान रजनीश पांडेय (26 वर्ष) पुत्र दिव्य प्रकाश पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय निवासी ग्राम डिहुकपुरा, थाना लालगंज, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक आकाश पांडेय (24 वर्ष) पुत्र हरिकेश पांडेय निवासी अड़लिया, थाना लालगंज, जनपद बस्ती बताया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रजनीश पांडेय को मृत घोषित कर दिया। घायल आकाश पांडेय को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल पहुंच गए। कलवारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्टर
संतोष कुमार
अखंड भारत न्यूज बस्ती
