चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बेचने की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार
★ दुबौलिया पुलिस ने अयोध्या से चोरी किया गया ट्रैक्टर, ट्रॉली और नकदी बरामद की
बस्ती। दुबौलिया थाना पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर-ट्रॉली को बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अयोध्या से चोरी किया गया एक ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अयोध्या के हनुमानगढ़ी क्षेत्र से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने के संबंध में थाना श्रीरामजन्मभूमि अयोध्या में मुकदमा दर्ज कराया गया था। चोरी की घटना की सूचना बस्ती जनपद के विभिन्न थानों को भी दी गई थी। इसी क्रम में दुबौलिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर लेकर एक व्यक्ति सपुआपुर बाजार से पंकज सिंह के भट्टे के पास होते हुए जोगियाबारी गांव की ओर जाने वाली पिच सड़क पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने 1 सितंबर 2026 को करीब 11:25 बजे पिच सड़क पर करीब 300 मीटर आगे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंगेश उर्फ मनीष यादव पुत्र शिव कुमार उर्फ सेतु यादव, निवासी पिपरिया लकड़ी, थाना दुबौलिया, जनपद बस्ती, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ट्रैक्टर अयोध्या से चोरी किया था और उसे छिपाकर ले जा रहा था। बरामद ट्रैक्टर लाल रंग का महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी का बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रैक्टर के साथ ट्रॉली और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध दुबौलिया थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई है।
रिपोर्टर
संतोष कुमार
अखंड भारत न्यूज बस्ती
मो0 9565061080

