

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल ने बुधवार को जिला कारागार हमीरपुर का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने विधिक सहायता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए तथा बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।निरीक्षण के दौरान सचिव ने महिला बैरक, 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के बंदियों के लिए स्थापित युवा बैरक, लीगल एड क्लिनिक एवं विधिक सहायता हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके अधिकारों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और पात्र बंदियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इस दौरान जिला कारागार परिसर में जेल लोक अदालत का भी आयोजन किया गया। सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एफटीसी श्रीमती अमीय भाषिनी ने वादों की सुनवाई करते हुए लगभग 9 वर्ष से लंबित एक वाद का सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराया, जिससे संबंधित पक्षों को त्वरित न्याय मिला।

सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक पात्र बंदी तक समयबद्ध, प्रभावी और निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण, विधिक जागरूकता कार्यक्रमों और जेल लोक अदालतों के माध्यम से बंदियों को न्याय तक आसान पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।