
जमशेदपुर।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची एवं उपकारा घाटशिला की सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कैदियों के सेल, कारा अस्पताल, वॉच टावर, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने समय-समय पर जेल सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि केंद्रीय कारा घाघीडीह में कुल 50 चापाकलों में से लगभग आधे खराब हैं। इस पर उपायुक्त ने तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। वहीं, जेल परिसर की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए वॉच टावरों पर जैप फोर्स की तैनाती हेतु पुलिस अधीक्षक को जैप मुख्यालय से पत्राचार कर आवश्यक बल की मांग करने को कहा गया।
उपायुक्त ने केंद्रीय कारा घाघीडीह के सभी बंदी कक्षों, कारा अस्पताल तथा अन्य संरचनाओं की मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार कर तकनीकी स्वीकृति लेने और स्वीकृत योजनाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेलों की सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है—वॉच टावरों पर पर्याप्त बल, नियमित पेट्रोलिंग, औचक निरीक्षण और बेहतर समन्वय अनिवार्य है। प्रशासन की प्राथमिकता कैदियों की सुरक्षा और कारा परिसरों की व्यवस्था को मजबूत करना है।
बैठक में उपायुक्त के अलावा एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीटीओ धनंजय, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद जी, डीएसपी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
—
Journalist: Anand Kishor
Akhand Bharat News | Bureau Chief
All India Media Association (AIMA)


