A2Z सभी खबर सभी जिले की

जमशेदपुर में नशे के खिलाफ सख्त एक्शन मोड, एनकोर्ड बैठक में उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश

 

जमशेदपुर: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और नशा सेवन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए नशे के कारोबार से जुड़े तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने टोल फ्री नंबर 112 पर प्राप्त नार्कोटिक्स संबंधी शिकायतों के कॉल रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड नहीं होने पर नाराजगी जताई और तकनीकी अड़चनों को दूर कर ऑनलाइन इंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने जिले की लगभग 600 निबंधित दवा दुकानों में से मात्र 100 दुकानों पर ही प्रतिबंधित दवाओं की सूची लगाए जाने पर गंभीर आपत्ति जताते हुए ड्रग इंस्पेक्टर को एक सप्ताह के भीतर सभी दुकानों पर सूची डिस्प्ले कराने का आदेश दिया। साथ ही डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना दवा बिक्री पर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

उपायुक्त ने निजी एवं सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में ड्रग पैडलरों पर नजर रखने के लिए प्रवेश-निकास द्वार सहित पूरे परिसर में सीसीटीवी अधिष्ठापन और न्यूनतम एक माह का बैकअप सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। साथ ही 100 मीटर की परिधि में नशापान की वस्तुओं की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्कूलों में जागरूकता अभियान, ठेला-गुमटी पर सिगरेट एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की समीक्षा करते हुए वहां भर्ती मरीजों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य की नियमित जांच, काउंसलिंग और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

थाना प्रभारियों को इंटेलिजेंस मजबूत करने और नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन या परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर जरूर दें।

बैठक में एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीटीओ धनंजय, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद जी, डीएसपी सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

✍️ Journalist: Anand Kishor

All India Media Association (AIMA)

Akhand Bharat News – Bureau Chief

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!