A2Z सभी खबर सभी जिले की

जनसुनवाई बनी उम्मीद की किरण, आधार त्रुटि का हुआ समाधान

जिला प्रशासन की मानवीय पहल

 

एक त्रुटि, अनेक परेशानियाँ: जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल से मिला समाधान

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

Related Articles

 

पांढुरना – यह कहानी ग्राम बडचिचोली, तहसील एवं जिला पांढुर्णा (मध्यप्रदेश) के निवासी श्री दिनेश पिता वामन मडके की है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का ईमानदारी से भरण–पोषण करते हैं।
उनके पुत्र दर्शन मडके के आधार कार्ड का वर्ष 2018 में अपडेट कराया गया था। अपडेट के उपरांत आधार कार्ड में गंभीर त्रुटि हो गई, जिसमें दर्शन मडके के नाम के स्थान पर उनकी माता सोनु मडके का नाम दर्ज होकर आधार कार्ड प्राप्त हुआ।

इस त्रुटि के निराकरण के लिए श्री दिनेश मडके द्वारा आधार केन्द्र संचालकों से संपर्क किया गया। संचालकों द्वारा उन्हें बताया गया कि पुत्र के नाम में सुधार के लिए दो समाचार पत्रों में प्रकाशन कराने के पश्चात राजपत्र में नाम का प्रकाशन कराना आवश्यक है। श्री मडके की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे समाचार पत्रों में प्रकाशन कराने में असमर्थ रहे।

इसके पश्चात श्री दिनेश मडके ने विभिन्न स्तरों पर समाधान प्राप्त करने का प्रयास किया, परंतु समस्या का निराकरण नहीं हो सका। अंततः उन्होंने दिनांक 14/10/2025 को कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के समक्ष जनसुनवाई में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर अपनी समस्या से अवगत कराया एवं समाधान की मांग की।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ के द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सहायक प्रबंधक ई-गवर्नेंस पांढुर्णा को आवेदन पत्र की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सहायक प्रबंधक ई-गवर्नेंस द्वारा की गई जांच में यह तथ्य सामने आया कि दर्शन मडके के आधार अपडेट के दौरान संबंधित ऑपरेटर द्वारा आधार अपडेट करते समय उक्त गलती की गई थी।

इस पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा समस्या की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए निदेशक, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) प्रधान कार्यालय भोपाल से संपर्क कर संबंधित अपडेट अनुरोध संख्याओं को निरस्त कर दर्शन मडके के आधार को पूर्ववत किए जाने के लिए अनुरोध किया गया।

परिणामस्वरूप दिनांक 31/01/2026 को निदेशक, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण प्रधान कार्यालय भोपाल द्वारा दर्शन मडके का आधार कार्ड पूर्ववत कर दिया गया एवं आवेदक को सही आधार कार्ड की प्रति प्रदाय की गई।

इस प्रकार एक गरीब मजदूर परिवार की वर्षों पुरानी समस्या का सरल, संवेदनशील एवं प्रभावी ढंग से समाधान हुआ। श्री दिनेश मडके, निवासी ग्राम बडचिचोली द्वारा उनकी समस्या का सहजता से निराकरण कराने पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ एवं संपूर्ण जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!