
रिपोर्टर शैलेंद्र भदोरिया
संभागीय उड़नदस्ता दल की अंबाह में कार्रवाई, मिल्क चिलिंग सेंटर्स से लिए गए दूध के सैंपल
अंबाह। संभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा मंगलवार को अंबाह क्षेत्र में संचालित मिल्क चिलिंग सेंटर्स पर औचक निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई। इस दौरान दूध की गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से विभिन्न डेयरियों से सैंपल लिए गए तथा साफ-सफाई और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्थाओं का भी गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मां वैष्णो डेयरी, रूपाहटी रोड अंबाह (संचालक—रामनरेश शर्मा) से दूध के दो सैंपल लिए गए। जांच में डेयरी परिसर में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण प्रबंधक की आवश्यक योग्यता नहीं होने के कारण चिलर पर आने वाले दूध की समुचित जांच नहीं हो पा रही थी। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए डेयरी संचालक को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसी क्रम में मां कैलादेवी डेयरी, मुरैना रोड अंबाह (संचालक—राजकुमार राठौर) का भी निरीक्षण किया गया। यहां से दूध के तीन सैंपल लिए गए। निरीक्षण में इस डेयरी में भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़े कार्यों में लापरवाही सामने आई, जिससे चिलर पर प्राप्त दूध की सही ढंग से जांच नहीं हो पा रही थी। इस मामले में भी डेयरी संचालक को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।संभागीय उड़नदस्ता दल ने स्पष्ट किया कि दूध की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस तरह की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। लिए गए दूध के सैंपल परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी डेयरी संचालकों को निर्देशित किया है कि वे साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण एवं निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।