
पोरसा में मोबाइल लॉक तोड़कर कालाबाजारी का खेल, कुछ रिपेयरिंग सेंटरों पर गंभीर आरोप
पोरसा में कुछ मोबाइल रिपेयरिंग सेंटरों पर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ये सेंटर एंड्रॉयड मोबाइल फोन का लॉक तोड़कर अवैध तरीके से उनकी आईडी और पासवर्ड पूरी तरह बदल देते हैं। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में मोबाइल का सर्वर तक चेंज कर दिया जाता है, जिससे चोरी या लूट के मोबाइल आसानी से पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाते।
सूत्रों का कहना है कि इस अवैध गतिविधि में कुछ स्थानीय रिपेयरिंग सेंटर बड़े हैकरों के संपर्क में हैं, जिनकी मदद से चोरी के मोबाइलों को नए सिरे से इस्तेमाल लायक बना दिया जाता है। इसके बाद इन मोबाइलों की खुलेआम कालाबाजारी की जाती है, जिससे अपराधियों को सीधा फायदा पहुंच रहा है।इस तरह की गतिविधियों से न केवल चोरी और लूट के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों की मांग है कि क्राइम ब्रांच पुलिस को ऐसे संदिग्ध मोबाइल रिपेयरिंग सेंटरों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहिए।
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह अवैध कारोबार और भी फैल सकता है, जिससे पोरसा क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण करना और कठिन हो जाएगा।