
जमशेदपुर। कैदियों की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) ने अपने सीएसआर मद से घाघीडीह मंडल कारा, साकची जेल और घाटशिला उपकारा के लिए तीन उन्नत एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं।
शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने तीनों एंबुलेंसों की चाबियां संबंधित कारा प्रभारियों को सौंपी और हरी झंडी दिखाकर वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि कैदियों की स्वास्थ्य सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। कई बार गंभीर स्थिति में कैदियों को एमजीएम अस्पताल या रांची रेफर करना पड़ता है, ऐसे में समय पर एंबुलेंस की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि यूसीआईएल द्वारा दी गई यह सहायता न केवल प्रशासन के लिए उपयोगी है, बल्कि यह मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण भी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन एंबुलेंसों की उपलब्धता से तीनों जेलों की स्वास्थ्य प्रतिक्रिया क्षमता में वृद्धि होगी तथा आपात स्थितियों में कैदियों को त्वरित चिकित्सा सुविधा प्रदान करने में आसानी होगी।
Team PRD (East Singhbhum)
