
शीतलहर का अलर्ट जारी, अस्पताल रहें पूरी तरह तैयार: अपर निदेशक
‘वाराणसी से रिपोर्ट’
“श्याम सुन्दर जायसवाल | अखंड भारत न्यूज़”
वाराणसी
जिले में दिसंबर और जनवरी माह के बीच संभावित शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तापमान में गिरावट की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक एनडी शर्मा ने जिले के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश जारी किए हैं।
अपर निदेशक ने निर्देश देते हुए कहा कि शीतलहर के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों पर ठंड का अधिक प्रभाव पड़ता है। ऐसे में सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, कंबल, सहित अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। ठंड से संबंधित बीमारियों जैसे सर्दी-जुकाम, निमोनिया, हाइपोथर्मिया और सांस की समस्या से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए चिकित्सकीय टीम को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी करने को भी कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि अत्यधिक ठंड के दौरान सावधानी बरतें, गर्म कपड़ों का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल से संपर्क करें।