

ठगी के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार , लोन डेटा चुरा खाते से करते थे ठगी
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता 9783029649
भरतपुर – शहर कोतवाली थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने ग्राहकों के लोन डेटा को चुराकर अपने खातों में लोन की किस्त जमा कराई। थानाधिकारी हरलाल मीना ने बताया कि 18 नवंबर 2025 को शरद खंडेलवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने इंडिफाई नामक फाइनेंस कंपनी से 15 लाख रुपये का लोन ले रखा है, जिसकी एक किस्त ड्यू हो गई। आरोपियों रवि चौहान और संदीप शर्मा ने संबंधित कंपनी से शरद का लोन डेटा चोरी किया और फोन तथा धमकियों के माध्यम से डराकर लोन की 91,500 रुपये की किस्त अपने खातों में जमा करवा ली। शरद को इस धोखाधड़ी का जब पता चला, तब उन्हें मूल शाखा से लोन की किस्त जमा कराने के लिए फोन आया। उक्त धोखाधड़ी के मामले को लेकर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच के बाद आरोपी रवि चौहान (27 वर्ष) निवासी मकान नंबर 271, ब्लॉक जी, सेक्टर 22, थाना सेक्टर 24, गौतमबुद्ध नगर, और संदीप शर्मा (24 वर्ष) निवासी हरौला, सेक्टर 5, थाना सेक्टर 20, गौतमबुद्ध नगर, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और बैंक खातों को खंगालना शुरू कर दिया है और इस बात की गहनता से जांच की जा रही है कि उन्होंने अन्य किन-किन व्यक्तियों के साथ फ्रॉड किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गई टीम में थानाधिकारी हरलाल मीना, एएसआई बृजलाल, कांस्टेबल लखनलाल (1717), कांस्टेबल भागीरथ (147), कांस्टेबल सुशील कुमार (2244) और महिला कांस्टेबल ललिता (2151) शामिल रहे।
