A2Z सभी खबर सभी जिले की

नगरपालिका चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा, सभी कोषांगों को सख्त दिशा-निर्देश

 

जमशेदपुर।

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में निर्वाचन हेतु गठित सभी कोषांगों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से जुड़ी तैयारियों एवं कोषांगों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मानगो नगर निगम के व्यय प्रेक्षक श्री स्वामीनाथन, सामान्य प्रेक्षक श्री जितेन्द्र कुमार देव, जुगसलाई नगर परिषद निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक श्री राजेश कुमार साह, उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, निदेशक एनईपी श्री संतोष गर्ग, एडीएम एसओआर श्री राहुल जी आनंद सहित सभी कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन कोषांग को आयोग के निर्देशों एवं प्रेक्षकों की निगरानी में मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया। कार्मिक कोषांग को चुनाव ड्यूटी हेतु कर्मियों की पोर्टल पर इंट्री कर निर्धारित तिथि से पूर्व रेंडमाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा गया। चुनाव कार्य से मुक्त करने संबंधी आवेदनों के निष्पादन हेतु मेडिकल बोर्ड के गठन का भी निर्देश दिया गया।

व्यय प्रेक्षक कोषांग को उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि की सूचना देकर निर्वाचन व्यय का विधिवत लेखा-जोखा संधारित कराने, जबकि सामग्री कोषांग को आवश्यक सामग्री का आकलन कर स्थानीय स्तर पर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पोलिंग पार्टी की रवानगी, मतपेटिका प्राप्ति स्थल एवं मतगणना कक्ष का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया।

परिवहन कोषांग को आवश्यकता अनुसार छोटी-बड़ी गाड़ियों का वीएमएस पोर्टल के माध्यम से वाहन प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त उम्मीदवारों एवं क्षेत्रवासियों के शस्त्र जमा कराने, चुनाव प्रचार की अनुमति हेतु सिंगल विंडो सुविधा प्रारंभ करने, उड़नदस्ता टीम को सक्रिय कर निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का सर्वे कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, मतदान के दिन पोलिंग पार्टी के लिए निर्बाध बिजली एवं माता समिति के माध्यम से भोजन की व्यवस्था कराने तथा मतदान से 12 दिन पूर्व घर-घर मतदाता पर्ची वितरण सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी कोषांग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। सभी कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीम भावना एवं आपसी समन्वय से किए जाएं।

Anand Kishor

Bureau Chief

Akhand Bharat News

All India Media Association (AIMA)

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!