
छपरा सारण से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट
बाजार समिति, छपरा स्थित ईवीएम वज्रगृह में सभी विधानसभा क्षेत्रों के पोल्ड ईवीएम को अत्यंत कड़ी और पारदर्शी त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षित रखा गया है। जिला प्रशासन की देखरेख में सुरक्षा के प्रत्येक स्तर पर आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
त्रि-स्तरीय सुरक्षा चक्र
1. प्रथम सुरक्षा परत (बाहरी सुरक्षा)
जिला पुलिस बल द्वारा 24×7 बाहरी सुरक्षा घेरा स्थापित है, जहाँ किसी भी अनधिकृत वाहन प्रवेश पर पूर्णतः रोक है।
2. द्वितीय सुरक्षा परत (मध्य लेयर)
केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल / बीएसएपी के जवान 24×7 मध्य सुरक्षा लेयर की निगरानी कर रहे हैं।
3. तृतीय सुरक्षा परत (आंतरिक सुरक्षा)
वज्रगृह के भीतर पूर्ण रूप से केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की तैनाती है, जो निरंतर 24×7 ईवीएम की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
निगरानी एवं प्रशासनिक पर्यवेक्षण
- जिला निर्वाचन पदाधिकारी प्रतिदिन वज्रगृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
- सभी विधानसभा क्षेत्रों के आरओ/प्राधिकृत एआरओ दिन में दो बार अपने-अपने वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं।
- वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी भी निरंतर निगरानी में सक्रिय हैं।
- सभी प्रवेश बिंदुओं पर 24×7 दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो सुरक्षा बलों के साथ समन्वय कर सतत नियंत्रण बनाए हुए हैं।
तकनीकी एवं अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था
- वज्रगृह के निकट आने वाले किसी भी पदाधिकारी/कर्मी की वीडियो रिकॉर्डिंग हैंड-हेल्ड कैमरे से की जा रही है, जिसकी निगरानी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल कर रहा है।
- प्रत्येक वज्रगृह के सील्ड प्रवेश द्वार एवं आसपास के मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं।
- सीसीटीवी का एक लाइव डिस्प्ले केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल के तैनाती स्थल पर लगाया गया है, जहाँ जवान निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
- दूसरा डिस्प्ले कंट्रोल रूम में स्थापित है, जहाँ प्रत्येक विधानसभा के अभ्यर्थियों के अभिकर्ता/प्रतिनिधि स्वयं उपस्थित होकर अवलोकन कर रहे हैं।
- तकनीकी कारणों से डिस्प्ले कुछ समय के लिए बाधित होने पर भी सीसीटीवी कैमरे लगातार रिकॉर्डिंग करते रहते हैं।
प्रत्याशियों के लिए अवलोकन सुविधा
किसी भी प्रत्याशी या उनके अभिकर्ता अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्र के आरओ को सूचित कर वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किसी भी समय कर सकते हैं।
यह व्यापक और बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था जिला प्रशासन की पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

