
रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
मौदहा हमीरपुर।ग्राम गुरदहा से अकोना रेलवे स्टेशन तक जाने वाला सरकारी मार्ग एक बार फिर विवादों में आ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खण्डेह गांव के कुछ किसानों ने इस सार्वजनिक मार्ग को दोबारा जोतकर खेत में मिला लिया है, जिससे स्टेशन तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। इस घटना से गांव के लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्राम गुरदहा के ग्रामीणों ने बताया कि यह रास्ता अकोना रेलवे स्टेशन तक जाने का एकमात्र सरकारी मार्ग है। कुछ वर्ष पूर्व इस मार्ग पर खण्डेह के काश्तकारों ने कब्जा कर लिया था। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने 21 नवंबर 2024 को नापजोख कर मार्ग को कब्जा मुक्त कराया था। मिट्टी कार्य पूरा होने के बाद रास्ता चालू कर दिया गया था और आवागमन सुचारू रूप से चल रहा था।
ग्रामीणों का कहना है कि अब सितंबर माह 2025 में खण्डेह गांव के चन्द्रपाल यादव पुत्र स्व. भोला यादव एवं राजेन्द्र यादव पुत्र स्व. भोला यादव ने ट्रैक्टर से जुताई कर रास्ते को फिर से अपने खेत में मिला लिया है। इससे स्टेशन जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आरोप है कि जब कोई राहगीर रास्ते से गुजरने का प्रयास करता है तो उक्त व्यक्ति गाली-गलौज करते हैं और रास्ते से निकलने नहीं देते। इससे गांव में तनाव का माहौल बन गया है।
ग्रामवासियों ने उपजिलाधिकारी मौदहा को प्रार्थना पत्र देकर सरकारी मार्ग को तत्काल कब्जा मुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना देने को मजबूर होंगे।

