
राजद प्रत्याशी राहुल शर्मा ने किया नामांकन पत्र दाखिल
शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का वादा
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल राजद के प्रत्याशी राहुल शर्मा ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अंतिम दिन उन्होंने अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर पर्चा भरा। इस अवसर पर महागठबंधन के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अनुमंडल कार्यालय में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी प्रत्याशियों और उपस्थित लोगों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने के निर्देश दिए गए, साथ ही उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नामांकन के पश्चात राहुल शर्मा ने कहा कि उन्हें लालू यादव और तेजस्वी यादव ने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का वादा किया। उनका प्रयास होगा कि जहानाबाद में एक मॉडल कॉलेज बनाया जाए और स्वास्थ्य व्यवस्था का सुधार किया जाए। वे हर घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए सहयोग मांगेंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि समय कम है, जिससे कुछ परेशानियां हो सकती हैं, लेकिन वे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेंगे। उन्होंने जहानाबाद की जनता से आशीर्वाद और सेवा का मौका देने की अपील किया है।
नामांकन के अंतिम दिन मखदुमपुर से महागठबंधन के प्रत्याशी सूबेदार दास भी पर्चा दाखिल करेंगे। एनडीए गठबंधन से लोक जनशक्ति पार्टी लोजपा की रानी कुमारी भी आज नामांकन कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, कई निर्दलीय प्रत्याशी भी आज अपना नामांकन पत्र भर रहे हैं।