
छपरा सारण से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट
छपरा (सारण): आगामी दीपावली और छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं आगजनी जैसी संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए सारण पुलिस प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका पालन सभी नागरिकों, दुकानदारों और व्यवसायियों के लिए अनिवार्य किया गया है।
मुख्य दिशा-निर्देश निम्नलिखित हैं:
- अवैध एवं विदेशी पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
- 125 डेसीबल से अधिक ध्वनि वाले पटाखों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर सख्त रोक रहेगी।
- सभी लाइसेंसधारी पटाखा भंडारों—थोक एवं खुदरा विक्रेताओं—की सूची तैयार कर उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
- पटाखों का भंडारण एवं बिक्री केवल अधिकृत अनुज्ञप्तिधारकों द्वारा ही की जा सकेगी।
- किसी भी ई-कॉमर्स वेबसाइट या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पटाखों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
- सभी लाइसेंसधारी विक्रेताओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों और शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना होगा।
- पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री घनी आबादी या आवासीय क्षेत्रों में नहीं किया जाएगा। इन स्थलों पर अग्निशमन वाहन की सुगम पहुँच अनिवार्य होगी।
- पर्व अवसरों पर पंडाल निर्माताओं, पूजा आयोजकों और पटाखा विक्रेताओं के साथ बैठक कर सुरक्षा उपायों और दुर्घटना रोकथाम से संबंधित दिशा-निर्देश साझा किए जाएंगे।
- अवैध पटाखों के खिलाफ विशेष निगरानी और छापामारी अभियान चलाने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
- दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने हेतु अग्निशमन दल को पूर्ण मुस्तैदी पर रखा जाएगा।
- विस्फोटक पदार्थ अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा जमानत पर रिहा अभियुक्तों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस की अपील
सारण पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, और यदि कहीं भी अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम थाना या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष (मोबाइल नंबर 9031036406) पर सूचना दें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता का सहयोग ही पर्वों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल बनाने की दिशा में सबसे बड़ा योगदान होगा।
संवाददाता : डॉ देशराज बिक्रांत, छपरा, सारण
