
छपरा सारण से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट
बनियापुर।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अमन समीर ने विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने ट्रेनर की भूमिका निभाते हुए वन-टू-वन वार्ता कर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी केवल निष्पक्ष रहें ही नहीं बल्कि उनका आचरण भी पूर्णतः निष्पक्ष दिखाई देना चाहिए। किसी भी प्रकार की चूक या कोताही अब स्वीकार्य नहीं होगी।
बूथ प्रबंधन और आवागमन पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र के बूथों की संख्या, सर्वाधिक मतदाताओं वाले बूथ तथा बूथ तक पहुँच मार्ग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पहुंच पथ का आकलन कर यह रिपोर्ट देना आवश्यक है कि किस प्रकार का वाहन बूथ तक जा सकता है, वैकल्पिक मार्ग क्या है, तथा कहीं विवाद या रुकावट तो नहीं है। इससे पूर्व में ही समस्याओं का निराकरण किया जा सकेगा।
उन्होंने सेक्टर एवं पोलिंग पार्टी के रूट चार्ट की समीक्षा करते हुए कहा कि वाहन टैगिंग इसी आधार पर सुनिश्चित की जाएगी, जिससे मतदान दिवस पर सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।
भेद्यता मानचित्रण और सुरक्षा व्यवस्था
जिलाधिकारी ने भेद्यता मानचित्रण (Vulnerability Mapping) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी रिपोर्ट के आधार पर अर्द्धसैनिक बल या अन्य सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति होती है। उन्होंने इसे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव का आधार बताते हुए पदाधिकारियों को अत्यंत सावधानीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उन्होंने आर्म्स लाइसेंस सत्यापन, गुंडा पंजी अद्यतन, निगरानी प्रस्ताव तथा लंबित वारंट के निष्पादन पर विशेष बल दिया।
आचार संहिता और तकनीकी प्रबंधन
बैठक में जिलाधिकारी ने आदर्श आचार संहिता से संबंधित प्रश्न पूछे और उत्तरों के आधार पर विस्तार से उसकी बारीकियां समझाईं। उन्होंने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी अपने क्षेत्र में आचार संहिता के पालन हेतु प्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार होंगे।
इसके साथ ही उन्होंने सी-विजिल ऐप के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि आम जनता द्वारा दर्ज शिकायतों पर 90 मिनट के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
तथ्यात्मक समीक्षा
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया।
आरओ सह उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी और बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुल 377 बूथ तथा 198 पीएसएल हैं, जिन्हें 34 सेक्टर क्षेत्रों में विभाजित किया गया है।
बैठक में एसडीपीओ नरेश पासवान, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ बनियापुर रमेंद्र कुमार, बीडीओ मशरक पंकज कुमार, बीडीओ जलालपुर विनोद कुमार प्रसाद, तीनों प्रखंडों के थाना प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
