

अलीगढ़ न्यूज
धन की कोई कमी नहीं, पारदर्शिता और निष्ठा से करें कार्य, प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में गिरावट न आने पाए
–डीएम
अलीगढ़ 08 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी संजीव रंजन ने सोमवार को कलैक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) 1.0 के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का जनहित में समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पर विशेष बल दिया जाए और जनपद की नगर निकायों की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में किसी प्रकार की गिरावट नहीं आनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि जिले के सभी 17 निकायों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाना होगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि “धन की कोई कमी नहीं है, लेकिन शिकायत की स्थिति में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”
स्वच्छता पर विशेष ध्यान:
बैठक में डीएम ने निर्देशित किया कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु बैनर की जगह वाल पेंटिंग की जाए जिससे जनजागरूकता प्रभावी हो। प्रतिबंधित पॉलिथिन का उपयोग रोकने और लोगों को स्वच्छता के प्रति सजग करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता निगरानी समितियां सक्रिय रूप से काम करती रहें।
पेयजल आपूर्ति और निर्माण कार्यों की समीक्षा:
बैठक में पेयजल आपूर्ति पर चर्चा करते हुए डीएम ने कहा कि किसी भी स्थिति में संक्रमित पानी की आपूर्ति नहीं होनी चाहिए। सभी ईओ को समय-समय पर पानी की जांच कराने के निर्देश दिए। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के अंतर्गत अधूरे कार्यों को शीघ्र आरंभ करने तथा निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया।
बढ़ते शहरीकरण और खेल के मैदान:
डीएम ने कहा कि शहरीकरण की गति तेज है और इसके चलते जनसामान्य की जीवनशैली में परिवर्तन आया है। ऐसे में सभी नगर निकायों में बड़े खेल के मैदानों का निर्माण आवश्यक है ताकि लोग खुले वातावरण में व्यायाम, टहलने और खेलकूद की सुविधाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि सभी ईओ नाली खड़ंजा के साथ बड़े पार्क के निर्माण की ओर भी ध्यान दें।
बेसवां की उपलब्धि:
बैठक में यह जानकारी साझा की गई कि बेसवां नगर निकाय ने स्वच्छता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्टेट टॉप किया है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए अन्य निकायों को भी प्रेरणा लेने को कहा।
बैठक में एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने कहा कि किसी भी कार्य का भुगतान लंबित न रखा जाए। जो निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें समिति से जांच के बाद ही हैंडओवर किया जाए। उन्होंने एमआरएफ सेंटरों की सुचारू कार्यप्रणाली और क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
आकांक्षी नगर योजना और आंगनबाड़ी केंद्र:
समीक्षा बैठक में आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत इगलास, बरौली, गभाना, मडराक और जवां नगर निकायों की प्रगति पर चर्चा हुई। डीएम ने कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। जवां और मडराक में 06 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण आरंभ न होने पर नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि भूमि आवंटन नहीं हुआ है, जिस पर डीएम ने संबंधित एसडीएम को शीघ्र भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।
अन्य महत्वपूर्ण बिंदु:
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और गीला-सूखा कूड़ा निस्तारण की समीक्षा की गई।
अगले तीन माह तक व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
गौशालाओं के संचालन, अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण और टेंडर प्रक्रिया समय से पूर्ण करने पर भी चर्चा की गई।