A2Z सभी खबर सभी जिले की

जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न,भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं आश्रितों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा,वर्ष 1971 युद्ध के वीर सैनिकों का सम्मान, कलेक्टर ने शौर्य एवं राष्ट्रसेवा को किया नमन

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न

भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं आश्रितों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

Related Articles

वर्ष 1971 युद्ध के वीर सैनिकों का सम्मान, कलेक्टर ने शौर्य एवं राष्ट्रसेवा को किया नमन

पांढुर्णा / 27 मई 2026/
कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड पांढुर्णा श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, युद्ध विधवाओं एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के प्रारंभ में सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा जिले में संचालित सैनिक कल्याण योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों द्वारा पेंशन, चिकित्सा सुविधा, भूमि संबंधी प्रकरण, आश्रितों के रोजगार, शिक्षा सहायता एवं अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव कलेक्टर श्री वशिष्ठ के समक्ष रखे गए।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने बैठक में प्राप्त सभी आवेदनों एवं समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के प्रति प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में सहभागिता निभाने वाले वीर सैनिकों का सम्मान भी किया गया। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने वीर सैनिकों को सम्मानित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहा है तथा नई पीढ़ी को उनके त्याग, बलिदान एवं राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में विंग कमांडर श्री देवेंद्र सिंह तोमर, सैनिक कल्याण अधिकारी श्री राजेश पाटिल, कल्याण संयोजक सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे। बैठक का समापन आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।

Show More
Back to top button