
दरधा नदी में डूबने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत

ननिहाल में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था मृतक
जहानाबाद। जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र के डोहीहा गांव में शुक्रवार को दरधा नदी में डूबने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक अपनी ननिहाल में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था।मृतक की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के जटडुमरी गांव निवासी राजेश मांझी के पुत्र राजवीर कुमार के रूप में हुई है। राजवीर अपनी ममेरी बहन के तिलक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गोहीहा गांव स्थित ननिहाल आया था।
परिजनों के अनुसार, तिलक कार्यक्रम के बाद सभी लोग घर में आराम कर रहे थे। जब परिवार के सदस्य जागे, तो राजवीर घर में नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने गांव में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। कुछ देर बाद गांव में यह सूचना फैली कि नदी किनारे एक बच्चे के कपड़े पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आशंका के आधार पर दरधा नदी में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद नदी से बालक का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परस बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।