
हरे कृष्णा टीम व सकल हिंदू समाज की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं से रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ लेने की अपील…..
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर, जिला धार। भगवान श्री जगन्नाथ की द्वितीय भव्य रथयात्रा रविवार, 19 जुलाई को मनावर नगर में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली जाएगी। हरे कृष्णा टीम एवं सकल हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। नगरभर में धार्मिक वातावरण है और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन रथयात्रा के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर 3:30 बजे श्री बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन एवं मंगल आरती के साथ होगा। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा सुसज्जित रथ में नगर भ्रमण करेंगे। श्रद्धालुओं को रथ की रस्सी खींचने का दुर्लभ अवसर मिलेगा, जिसे सनातन परंपरा में अत्यंत पुण्यदायी माना गया है।
यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और “जय श्री जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाकर भगवान की आरती, पुष्पवर्षा एवं स्वागत किया जाएगा। आयोजन समिति ने यात्रा को अनुशासित एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की हैं।
रथयात्रा श्री बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से प्रारंभ होकर दुर्गा माता मंदिर (नाला प्रांगण), क्रांति चौराहा, सनन चौराहा, अंबेडकर चौराहा, मेला मैदान, शंकर मंदिर (ग्रीड रोड), गांधी चौराहा, सदर बाजार, क्रांति चौपाटी, मालवी चौपाटी, गणेश चौपाटी, नरसिंह मंदिर एवं दनादन चौपाटी होते हुए पुनः श्री बंकनाथ अटल दरबार मंदिर पहुंचेगी। यहां महाआरती एवं महाप्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समिति ने नगर के सभी सामाजिक, धार्मिक, व्यापारी, युवा एवं राजनीतिक संगठनों के साथ-साथ समस्त नगरवासियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों के बाहर रथयात्रा का स्वागत करने तथा परिवार सहित शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य दर्शन एवं रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह आयोजन सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनएकता का प्रतीक है तथा सभी की सहभागिता से यह रथयात्रा ऐतिहासिक बनेगी।

















