
धार में किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपाः 9 सूत्रीय मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग
राहुल सेन मांडव
मो 9669141814
धार न्यूज/भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर संजीव कुमार को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की, ताकि खेती संबंधी चिंताओं से राहत मिल सके।
ज्ञापन के प्रमुख मांगों में गेहूं की खरीदी 2700 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर खरीद करने की बात कही गई।
इसके साथ हीं 10 मार्च से खरीदी शुरू करने और सभी समितियों व वेयरहाउस में बड़े कांटे से तुलाई व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने फसल बेचने के तुरंत बाद भुगतान करने पर जोर दिया।
जंगली सुअर को पकड़ने की मांग
किसानों ने घोड़ारोज (जंगली सूअर) के बढ़ते आतंक पर चिंता व्यक्त की, जिससे फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने इन्हें पकड़कर अभ्यारण्य में छोड़ने और अब तक हुए नुकसान का आरबीसी धारा 6 (4) के तहत मुआवजा देने की मांग की। इसके अतिरिक्त, 18 से 20 फरवरी 2026 के दौरान हुई बारिश से गेहूं सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई।नुकसान के एवज में मुआवजे की मांग
नरवाई जलने की घटनाओं पर भी ज्ञापन में मुद्दा उठाया गया। किसानों ने कहा कि अधिकतर मामलों में विद्युत लाइन फॉल्ट के कारण नरवाई जलती है, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग की तय की जाए और नुकसान की भरपाई की जाए। हाल ही में SMS हार्वेस्टर से गेहूं कटाई को लेकर जारी आदेश पर आपत्ति जताते हुए किसानों को किसी भी प्रकार के हार्वेस्टर से कटाई की अनुमति देने की मांग की गई।
ऋण वसूली की अवधि बढ़ाने की मांग
अन्य मांगों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में WSL की लिमिट हटाने, ऋण वसूली की तिथि 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ाने और किसानों का ब्याज माफ करने की बात शामिल थी। सोयाबीन भावांतर योजना में हुई गड़बड़ियों की जांच कर दोषी व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई।
इस अवसर पर यशवंत मुकाती, अमोल पाटीदार, वासुदेव सांखला, प्रभात चौधरी, नारायण सिंह सोलंकी और कालूराम यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
