
गेहूं, चना एवं मसूर के ई-उपार्जन के लिए अधिक से अधिक पंजीयन कराने की अपील
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार किसानों को लाभ दिलाने की पहल
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह द्वारा पांढुर्णा जिले के समस्त किसानों से अपील की गई है कि वे गेहूं, चना एवं मसूर के ई-उपार्जन के लिए अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराएं, ताकि शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ उन्हें समय पर प्राप्त हो सके।

समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय के लिए पंजीयन की अंतिम तिथियां इस प्रकार हैं— गेहूं पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च, चना एवं मसूर पंजीयन की अंतिम तिथि 16 मार्च तथा सरसों पंजीयन की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित की गई है। निर्धारित अवधि में समय पर पंजीयन अवश्य कराएं।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ के मार्गदर्शन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले का कोई भी पात्र किसान उपार्जन प्रक्रिया से वंचित न रहे। इसी क्रम में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में विभिन्न पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
पांढुर्णा जिले में पंजीयन के लिए वृत्ताकार सेवा सहकारी समिति पांढुर्णा, नांदनवाड़ी, सेवा सहकारी समिति तिगांव, सिवनी, बानाबकोडा एवं मोहगांव को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर किसानों को ई-उपार्जन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उप संचालक श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे खसरा किस्तबंदी, आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं बैंक खाता विवरण साथ लेकर निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर समय पर उपस्थित हों, ताकि पंजीयन प्रक्रिया सुगमता से पूर्ण की जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि ई-उपार्जन की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो। किसानों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए शीघ्र पंजीयन कराएं और शासन की योजना से अधिकतम लाभ प्राप्त कर सके।
