A2Z सभी खबर सभी जिले की

जौहर यूनिवर्सिटी पर संकट: भविष्य बचाने की मांग को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना, शिक्षा के अधिकार की उठी आवाज

रामपुर। स्थित जौहर यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर रविवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय की इमारतों को ध्वस्त किए जाने के प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के गेट पर एकत्र हुए और अपने भविष्य को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय की 40 में से 38 इमारतों को अवैध बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है। उनका आरोप है कि यदि इस कार्रवाई को अमल में लाया गया तो करीब 3,000 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

छात्रों ने कहा कि वे वर्षों से इस विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और अब अचानक ऐसी स्थिति उत्पन्न होने से उनका शैक्षणिक भविष्य अधर में लटक गया है। उनका कहना है कि वे किसी राजनीतिक विवाद का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि केवल अपनी शिक्षा और करियर को बचाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से विश्वविद्यालय को बचाने और उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए ठोस समाधान निकालने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि शिक्षा के अधिकार की रक्षा की जानी चाहिए और किसी भी निर्णय में विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उधर, प्रशासन की ओर से छात्रों को अन्य शिक्षण संस्थानों में समायोजित करने के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे अपना विश्वविद्यालय छोड़ने के बजाय उसे बचाना चाहते हैं।

फिलहाल जौहर यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। सभी की निगाहें अब प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Show More
Back to top button