
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन सतर्क
पांढुरना – आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने के उद्देश्य से कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्पष्ट कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं, अतः सभी नागरिक इन्हें संयम और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से “ग्रीन होली” मनाने की अपील करते हुए रासायनिक रंगों से बचने, पानी की बचत करने तथा प्रदूषण रोकने के लिए पर्यावरण अनुकूल उपाय अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने नगरीय निकाय को शहर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, वहीं पुलिस विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी, पूर्व विधायक नानाभाऊ मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, तहसीलदार पांढुर्णा श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर के गणमान्य नागरिक एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आमजन से सहयोग की अपील की, ताकि जिले में त्योहार हर्षोल्लास, शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हो सकें।
