
अलीगढ़ न्यूज
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है
आलेख्य प्रकाशन अवधि 06 जनवरी से 06 मार्च 2026 तक निर्धारित है, जिसके दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन संबंधी दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 22 फरवरी 2026 रविवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन सभी पदाभिहित स्थलों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी प्रातः 10ः30 बजे से अपराह्न 1ः30 बजे तक उपस्थित रहकर मतदेय स्थल पर निर्वाचक नामावली पढ़कर सुनाएंगे और दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर फार्म-6 (नाम सम्मिलन), फार्म-7 (नाम विलोपन) एवं फार्म-8 (संशोधन) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे। साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए भी सहयोग हेतु उपस्थित रहेंगे। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान का पर्यवेक्षण करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर नामावली का अवलोकन अवश्य करें। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।