
दो दिवसीय किसान मेला-सह- पशु प्रदर्शनी का शुभारंभ
किसानों को सरकार की सभी प्रकार की योजनाओ का लाभ उठाने का किया गया आग्रह
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। आत्मा कार्यालय के द्वारा संयुक्त कृषि भवन परिसर, काको रोड, में जिला स्तरीय दो दिवसीय किसान मेला-सह-पशु प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसका विधिवत शुभारंभ अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष, दिलीप कुशवाहा भी उपस्थित थे। अपने सम्बोधन में अपर समाहर्ता के द्वारा कहा गया कि कृषि विभाग एवं पशुपालन विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों के सहयोग से इस मेला का आयोजन किया गया है। उन्होंने किसानों को विभिन्न विभागों/कार्यालयों द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त करने का आवाहन किया एवं किसान को उन्नत व्यवसायिक कृषि के लिए बैंक/ नाबार्ड से भी संपर्क कर लाभ उठाने की सलाह दी। उनके द्वारा किसान मेला में लगाए गए विभिन्न स्टॉल एवं पशु प्रदर्शनी का भी भ्रमण किया गया। उपाध्यक्ष के द्वारा भी कार्यक्रम को संबोधित किया गया एवं किसानों को सरकार की सभी प्रकार की योजनाओ का लाभ उठाने का आग्रह किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी-सह- परियोजना निदेशक, आत्मा- संभावना के द्वारा आत्मा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई एवं बताया गया कि इस मेला में पारंपरिक खेती से अधिक उद्यान, पशुपालन, मत्स्यपालन, इफको, नाबार्ड, बैंक आदि के स्टॉल लगाई गई है। साथ ही गाय, भैंस, बकरी, श्वान/डॉग का पशु प्रदर्शनी भी लगाई गई है। जिला पशुपालन पदाधिकारी- डॉ विनय कुमार के द्वारा बताया गया कि पशुपालन जैसे- गाय पालन, बकरीपालन, भैंस पालन करने से स्वरोजगार करने की असीम संभावनाए हैं, जिसके लिए विभाग द्वारा योजना एवं प्रशिक्षण के कार्यक्रम कराए जा रहे है। पशुपालक/कृषक किसी भी प्रकार की पशु संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए विभाग द्वारा जारी किए गए टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर सकते हैं। उनके द्वारा यह भी बताया गया कि कृषक पशुपालन कार्यालय से संपर्क कर अपने सभी पशुओं की टैगिंग अवश्य कराए ताकि सभी प्रकार के मुआवजा आदि का लाभ नियमानुसार मिल सके। मौके पर जिला मत्स्य पदाधिकारी- अहमद अली रजा, वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र गंधार- डॉ दिनेश महतो, उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण- अजय कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी- रूपेश कुमार अग्रवाल, सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण- जावेद आलम, दोनों उप परियोजना निदेशक, आत्मा- राकेश कुमार एवं अनुप्रिति माला, सहायक निदेशक, प्रक्षेत्र- रामलखन ठाकुर के साथ-साथ सभी जिला स्तरीय, प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मीगण एवं सैकड़ों कृषकगण उपस्थित थे। मंच का संचालन किसान सलाहकार- देवेन्द्र कुमार के द्वारा किया गया। 