

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा/हमीरपुर। मौदहा तहसील परिसर में प्रशासनिक फाइलों को लेकर हुए विवाद के बाद अधिवक्ता संघ ने एसडीएम करनवीर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अधिवक्ताओं ने एसडीएम करनवीर सिंह और पेशकार पियूष के तत्काल स्थानांतरण की मांग उठाते हुए कड़ा विरोध प्रदर्शन किया।
अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक एसडीएम करनवीर सिंह और पेशकार पियूष का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक तहसील परिसर स्थित सभी न्यायालयों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। इस निर्णय के बाद न्यायिक कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद प्रशासनिक फाइलों के निस्तारण और कार्यप्रणाली को लेकर अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच हुआ, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के सम्मान और कार्य व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।